2027 के लिए भाजपा का चुनावी ब्लूप्रिंट, इस बार हर बूथ से घर-घर तक मजबूत करेगी पकड़

लखनऊ। प्रदेश कार्यसमिति मे गृहमंत्री अमित द्वारा दिए गए चुनावी जीतने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रदेश भाजपा की टीम अब पूरे मनोयोग से मैदान में उतरकर काम करेगी। इसके तहत कार्यकर्ता जहां अब बूथ से लेकर घर-घर तक अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम करेंगे। वहीं, प्रत्येक 50 परिवारों पर एक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। विधानसभा स्तर पर प्रवासी प्रभारी और जिला व विधानसभा चुनाव संचालन समितियां भी गठित होंगी। इस संबंध में शनिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में हुई चुनाव से संबंधित कार्ययोजना पर मंथन को लेकर हुई बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने साफ किया कि 2027 का चुनाव माइक्रोमैनेजमेंट के आधार पर लड़ा जाएगा। तावड़े ने जिला प्रभारियों को विधानसभा और विधानसभा प्रभारियों को शक्तिकेंद्रों पर प्रवास करने के निर्देश दिए। महिला और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी विधानसभा स्तर पर प्रवासी के रूप में काम करेंगे। प्रदेश भाजपा प्रभारी ने पदाधिकारियों को घर-घर संपर्क अभियान में महिला, युवा, नए मतदाता, किसान, लाभार्थी, छोटे व्यापारी, प्रबुद्ध वर्ग और पूर्व सैनिकों के साथ सामाजिक व धार्मिक संगठनों को जोड़ने फोकस करने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही इसपर आधारित कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा है। उन्होंने कहा कि सक्रिय सदस्यों की बैठकें शुरू कर उन्हें चुनावी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मतदाता सूची सत्यापन और विशेष पुनरीक्षण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने प्रदेश के सभी 1918 मंडलों में कार्यकर्ताओं की टीमें बनाकर प्रवास करने, ग्रामसभा स्तर पर चौपाल और जनसंवाद आयोजित करने तथा लाभार्थियों से लगातार संपर्क रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने का आधार बूथ और वहां के मतदाता है। बैठक में तीन नवंबर से सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के तहत पदयात्राएं निकालने का निर्णय लिया गया। प्रत्येक पदयात्रा में कम से कम 25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य है। पार्टी की कोशिश इन आयोजनों के जरिये चुनावी माहौल बनाने के साथ संगठन और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह तथा प्रदेश सह प्रभारी मेधा कुलकर्णी, जगदीश पटेल, अनंत ओझा व डा. प्रदीप वर्मा की उपस्थिति मे आयोजित बैठक मे प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष तथा जिला प्रभारी उपस्थित रहे। लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयन्ती पर उन्हें पुष्पार्चन कर कृतज्ञ नमन करने के पश्चात् प्रारम्भ हुई बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने किया।।

ब्यूरो से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *