शाही, बरेली। जनपद के शाही कस्बा के मोहल्ला ठाकुरद्वारा निवासी अनूप सिंह ने बताया कि वह डनलप में सामान लेकर जा रहे थे। हादसे वाले मकान से करीब 50 मीटर की दूरी पर थे। धमाके के साथ उनका डनलप एकदम थरथरा गया। अनिल शर्मा ने बताया उनका घर सुमित के मकान से 150 मीटर की दूरी पर है। ऐसा लगा जैसे घर के पास ट्रक का टायर फट गया हो। मोहल्ला पंतनगर के अतीक अहमद ने बताया उनका मकान 120 मीटर की दूरी पर है। धमाके के साथ मकान कांपने लगा। अंकित शर्मा ने बताया धमाका होने पर उन्होंने भी अपने मकान में कंपन महसूस किया। तेज धमाके से पड़ोस के घरों में सो रहे लोगों की नींद टूट गई। लोग दौड़ कर सुमित के घर पहुंचे। परिजनों ने राधा के कपड़ों की आग बुझाई और उन्हें इलाज के लिए बरेली के अस्पताल ले गए। अस्पताल के चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत होने पर दिल्ली रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर एसडीएम निधि शुक्ला, सीओ अजय कुमार, तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, शाही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। अमित शर्मा के भतीजे अंश शर्मा ने बताया घर में परिवार के दस सदस्य एवं तीन किरायेदार सो रहे थे। वह बैठक में सो रहे थे। तकिया और विंडो का कांच टूटकर उनके मुंह पर गिरा। ऐसा लगा कि घर में बम फट गया। बाहर देखा तो चाची राधा रसोई के दरवाजे पर पड़ी जल रही थी। सोफे अस्त व्यस्त पड़े थे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की तो गैस चूल्हे का पाइप कुतरा हुआ मिल। पुलिस का कहना है कि पाइप से गैस लीक होकर चिमनी में जमा हो गई। चिमनी के पाइप में गैस भरी हुई थी, वह तेज धमाके से फट गया। घरवाले पुलिस की कहानी पर यकीन नहीं कर पा रहे है।।
— बरेली से कपिल यादव
