बरेली में 71.99 प्रतिशत मतदान, रिछा में सबसे ज्यादा वोट पड़े

बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में 73.69 फीसदी मतदाताओं ने अपने वोट का प्रयोग किया। वर्ष 2020 के चुनाव के मुकाबले यह दशमलव 21 फीसदी ज्यादा है। सबसे ज्यादा 93.88 फीसदी मतदान अमरोहा में और सबसे कम 61.73 प्रतिशत मतदान पीलीभीत में हुआ। बरेली जिले में 71.99 फीसदी मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। देर रात तक संजय कम्युनिटी हॉल में बनाए गए स्ट्रांग रूम में मतपेटियों को जमा किया गया। अब 27 अक्टूबर को 17 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। खंड शिक्षक चुनाव के लिए बरेली, बदायूं, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा और बिजनौर में कुल 105 बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर 47701 मतदाताओं को अपने वोट का प्रयोग करना था। बरेली जिले में 25 बूथ पर 6763 वोटर रजिस्टर्ड थे। सुबह आठ बजे से मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पहले दो घंटे में बरेली-मुरादाबाद मंडल में 13.37 फीसदी और बरेली जिले में 13.13 फीसदी मतदान दर्ज किया। धीरे-धीरे कर मतदान का प्रतिशत बढ़ता चला गया। वर्ष 2020 के चुनाव में अमरोहा में सबसे ज्यादा 83.22 प्रतिशत शिक्षकों ने वोट डाला था। इस बार पिछले बार के रिकार्ड को तोड़ते हुए अमरोहा में 93.88 प्रतिशत मतदान हुआ। बरेली मुरादाबाद मंडल में कुल 94 मतदान केंद्रों पर 47701 मतदाताओं में से 35149 ने वोट डाला। बरेली जिले में 71.99 प्रतिशत, बदायूं में 70.67%, शाहजहांपुर में 70.86 % व पीलीभीत में 61.73% मतदान हुआ। मुरादाबाद में 75.31%, रामपुर में 74.86 फीसदी, संभल में 71.42 फीसदी और बिजनौर में 68.12 फीसदी मतदाताओं ने वोट किया। चुनाव के दौरान शिक्षकों में अच्छा उत्साह नजर आया। महिलाओं में कुछ ज्यादा ही उत्साह दिखा। वोट डालकर निकलने के बाद तमाम शिक्षक सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करती दिखीं। मडंलायुक्त शंभू कुमार, डीआईजी अजय साहनी, डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य ने मतदान केंद्रों और बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव को लेकर निर्देश दिए गए। डीएम अविनाश सिंह ने की मतदाताओं से बात: डीएम अविनाश सिंह ने मतदेय स्थलों के निरीक्षण के दौरान मतदाताओं से बातचीत भी की। बातचीत के दौरान यह जानने का प्रयास किया गया कि कहीं किसी तरीके की दिक्कत तो नहीं है। किसी मतदाता पर कोई दबाव तो नहीं डाला जा रहा है। वोटरों से बातचीत के वीडियो डीएम की फेसबुक पर भी अपलोड किए गए।।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *