भूसे में मिला लापता अधेड़ का शव, हत्या का जताया शक

शीशगढ़, बरेली। छह दिन से लापता चल रहे अधेड़ का शव भूसा के बोंगा में दबा मिला। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की सही वजह पता चल सकेगी। शीशगढ़ के गांव पदमी निवासी 47 वर्षीय तोताराम शनिवार (17 अक्तूबर) शाम करीब पांच बजे घर से निकले और फिर वापस नहीं लौटे। परिवार वाले दो दिन तक उन्हें तलाश करते रहे लेकिन कुछ पता नहीं चला तो तीसरे दिन मंगलवार को उनके बेटे लीलाधर ने शीशगढ़ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने भी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नही चला। लीलाधर ने बताया कि सोमवार दोपहर उनकी बहन हेमवती गांव से करीब 200 मीटर दूर स्थित खेत पर भूसा लेने गईं। इस दौरान उसने भूसे के बोंगा से एक हाथ बाहर निकला देखा तो डर गई और शोर मचाते हुए घर पहुंची। इस पर परिवार के सदस्य गांव के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और भूसा हटाया तो उसमें तोताराम का शव बरामद हुआ। सूचना पर सीओ बहेड़ी अरुण सिंह और इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह पहुंचे। उन लोगों ने जांच पड़ताल की और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। इस दौरान परिजन ने तोताराम की हत्या की आशंका जताई लेकिन शव पुराना होने के कारण पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया है। तोताराम की चार बेटियां और दो बेटे हैं। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *