बरेली। जिला अस्पताल में नवमी के अवसर पर सोमवार को आधे दिन की ओपीडी संचालित हुई। इस दौरान करीब 1400 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। मौसम में बदलाव का असर मरीजों की सेहत पर भी दिखा। आंखों में जलन की शिकायत लेकर कई मरीज अस्पताल पहुंचे। इसके अलावा बुखार, त्वचा संबंधी रोग, खांसी और सांस लेने में परेशानी के मरीजों की भी भीड़ रही। चिकित्सकों ने मरीजों को आंखों की साफ-सफाई रखने, धूल से बचने और परेशानी होने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। ओपीडी का समय कम होने के कारण मरीजों को जल्द उपचार कराने के लिए इंतजार करना पड़ा। वहीं, ओपीडी बंद होने के बाद भी कई मरीज अस्पताल पहुंचे। निर्धारित समय की जानकारी नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। त्योहार के चलते अस्पताल में आधे दिन ही मरीजों को ओपीडी की सुविधा मिल सकी। कर्मचारियों की हड़ताल खत्म कामकाज पटरी पर लौटा : बरेली। जिला अस्पताल में संविदा कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने के बाद स्वास्थ्य सेवाएं फिर से सामान्य होने लगी हैं। कर्मचारी काम पर लौट आए हैं और पैथोलॉजी, फार्मेसी से लेकर गैर संचारी रोग (एनसीडी) क्लीनिक तक में काम शुरू हो गया है। बीते दिनों कर्मचारियों की हड़ताल के कारण मरीजों को जांच कराने, दवाएं लेने और एनसीडी क्लीनिक मे परामर्श प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कर्मचारियों की वापसी से इन सेवाओं का संचालन दोबारा शुरू हो गया है। इससे अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को राहत मिली है।
— बरेली से कपिल यादव
