बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे मे सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर मोहल्लेवासियों ने बुधवार को नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। लोगों ने पहले सड़क की पैमाइश कराकर उसकी चौड़ाई निर्धारित करने और इसके बाद निर्माण कराने की मांग की। विरोध जताते हुए मोहल्लेवासियों ने मौके पर चल रहे निर्माण कार्य को भी रुकवा दिया। मोहल्लेवासियों के मुताबिक, रेलवे स्टेशन के पास रामपाल सिंह की आरा मशीन से ओमपाल फौजी के मकान तक सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि सड़क किनारे की सरकारी जमीन को चकरोड से संबंधित बताते हुए उसमें मिट्टी डाल दी गई है। लोगों का कहना है कि मार्ग की पर्याप्त चौड़ाई सुनिश्चित किए बिना निर्माण होने से भविष्य में आवागमन में परेशानी हो सकती है। मोहल्लेवासियों ने अधिशासी अधिकारी से संबंधित मार्ग की पैमाइश कराकर सड़क चौड़ीकरण की समस्या का समाधान कराने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतियां जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी और परगना मजिस्ट्रेट मीरगंज के साथ मुख्यमंत्री को भी भेजी गई है।।
— बरेली से कपिल यादव
