बरेली। नगर निगम की टीम ने बुधवार को मिनी बाईपास रोड और किला रोड पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों से पर कार्रवाई करते हुए 64 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही छह ट्रॉली रेता-बजरी और एक ट्रॉली भूसा जब्त किया गया। नगर आयुक्त के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम की टीम दोनों सड़कों पर पहुंची। अभियान के दौरान सड़क किनारे रखे निर्माण सामग्री और अन्य सामान को हटाया गया। टीम ने नियमों का उल्लंघन कर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई भी की। अतिक्रमण दस्ता प्रभारी सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर मिनी बाईपास और किला रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान जुर्माना वसूलने के साथ रेता-बजरी और भूसा जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।।
— बरेली से कपिल यादव
