दंगा किया तो बाप-दादा की कमाई से भी धोना पड़ेगा हाथ : मुख्यमंत्री

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दंगाइयों और उपद्रवियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अब किसी ने दंगा किया तो उसे बाप-दादाओं की कमाई से भी हाथ धोना पड़ सकता है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ न पहले बर्दाश्त किया गया है और न आगे किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले बरेली में पर्व-त्योहार आते ही दंगे होते थे, लेकिन अब दंगा करने वाले जेल में उर्स मना रहे हैं। उत्तर प्रदेश की पहचान अब उपद्रव से नहीं, उत्सव से है। कानून-व्यवस्था में आए बदलाव से प्रदेश की छवि बदली है। मुख्यमंत्री मंगलवार दोपहर 1:32 बजे बरेली क्लब मैदान पहुंचे। करीब आधे घंटे बाद 2:07 बजे उन्होंने मंच से संबोधन शुरू किया। भारत माता की जय, वंदे मातरम और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच उन्होंने बरेली की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख किया। कहा कि बरेली की पहचान पहले जरदोजी और झुमके से होती थी, लेकिन अब यह नाथ नगरी के रूप में भी देश-दुनिया में पहचान बना रही है। उन्होंने सातों नाथ मंदिरों को नमन किया और कहा कि सरकार ने प्रदेश की पौराणिक पहचान को व्यापक मंच पर पहुंचाने का काम किया है। मुख्यमंत्री बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन मे आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, धार्मिक स्थलों के विकास, शिक्षा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर भी तीखे हमले किए। मुख्यमंत्री ने मंच से भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लो को भारी मतों से जिताने की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में शिक्षकों से संवाद किया और प्रदेश में हुए बदलावों को सामने रखा। उनके संबोधन का प्रमुख केंद्र कानून-व्यवस्था, माफिया के खिलाफ कार्रवाई, धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास रहे। मुख्यमंत्री ने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ जैसी स्थिति थी। भाजपा सरकार ने प्रदेश की इस छवि को बदलने के लिए ‘एक जिला, एक उत्पाद’ योजना को आगे बढ़ाया। अब सरकार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन यूनिवर्सिटी’ की दिशा में काम कर रही है। शाहजहांपुर जिले में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। अन्य जिलों में भी विश्वविद्यालयों की स्थापना की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा संस्थानों का विस्तार युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में मदद करेगा। सरकार विकास के माध्यम से प्रदेश की पहचान बदलने का प्रयास कर रही है। बरेली क्लब मैदान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच पर ने शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लो, प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ अरुण कुमार, गन्ना मंत्री संजय सिंह गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, सांसद छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह और बहोरन लाल मौर्य, मेयर डॉ. उमेश गौतम, विधायक डॉ. एमपी आर्य, डॉ. डीसी वर्मा, डॉ राघवेंद्र शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गविजय सिंह शाक्य, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना आदि मौजूद रहे।।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *