राजस्थान/बाड़मेर- पंचायतीराज आम चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण सम्पन्न करवाने के लिए शिव उपखंड अधिकारी वीरमा राम एवं रामसर पुलिस उप अधीक्षक पदम दान ने गुरुवार को संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया।
उपखंड अधिकारी वीरमा राम ने बताया कि ग्राम पंचायत बिसुकला, बलाई ,भियाड़, कानासर , उण्डू, काश्मीर, कायम की बस्ती , मोखाब, नागड़दा, निम्बला में स्थापित बूथों का निरीक्षण करके मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी मतदाताओं के लिए सुगम एवं समावेशी मतदान व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। सभी ग्राम पंचायतों में आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। मतदान केंद्र के आस पास योजनाओं से संबंधित प्रचार- प्रसार सामग्री एवं बोर्ड को नियमानुसार ढककर रखने की जानकारी भी ली तथा इसकी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
— राजस्थान से राजूचारण
