बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के रसूला चौधरी गांव निवासी महिला ने गांव के ही एक युवक पर उधार दिए 15 हजार रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि युवक ने उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता रीना पत्नी जानकी प्रसाद ने पुलिस को बताया कि गांव के भूपेंद्र पुत्र धर्मपाल सिंह ने जरूरी काम बताकर उससे तीन किस्तों में 15 हजार रुपये उधार लिए थे। कई बार रुपये वापस मांगने पर वह जल्द लौटाने का आश्वासन देता रहा। आरोप है कि 30 अगस्त को रीना ने जब रुपये वापस मांगे तो भूपेंद्र ने उसे रबर फैक्टरी में बुलाया। वहां उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर आरोपी ने महिला और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि धमकी के कारण वह डर गई थी। इसके बाद 5 अक्तूबर को थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
