सांड़ के हमले में बुजुर्ग किसान की गई जान

शेरगढ़, बरेली। जनपद के थाना शेरगढ़ क्षेत्र मे फसल की रखवाली कर रहे 70 वर्षीय किसान की सांड़ के हमले से मौत हो गई। पास के ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों ने सांड़ को भगाकर किसान को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बुधवार को कस्बे के मोहल्ला गांधीनगर निवासी रामपाल (70) पुत्र हजारीलाल कस्बे से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अपने खेत में फूल गोभी की पौध की आवारा पशुओं से रखवाली करते थे। परिजनों के मुताबिक वह पिछले करीब एक वर्ष से खेत पर ही अस्थायी छप्पर डालकर दिन-रात वहीं रह रहे थे। बुधवार सुबह रामपाल खेत पर बैठे थे। इसी दौरान एक छुट्टा सांड ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें सींगों से उठाकर पटकने के बाद सिर से दबा दिया। सीने में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पास के ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे कस्बा निवासी भूपराम ने ईंट-पत्थरों से सांड को भगाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक किसान की जान जा चुकी थी। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन शव को अपने घर ले गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खेती करके गुजारा चलता है परिवार : मृतक किसान रामपाल के पुत्र रामकिशोर मौर्य ने बताया कि पिता के पास करीब 10 बीघा जमीन है। इसी जमीन से परिवार का गुजारा होता है। खेत में फिलहाल फूलगोभी की पौध लगी हुई है, जिसकी रखवाली के लिए पिता दिन-रात खेत पर ही रहते थे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *