कई कार्यक्रम होंगे आयोजित, सूफी नाइट रहेगा खास आकर्षण
बरेली। “हम कायस्थ” संस्था द्वारा 2 अक्टूबर 2026 को संस्था का स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को भी विशेष रूप से मनाया जाएगा। होटल किंग्स हेरिटेज, बिसलपुर चौराहा, बरेली में आयोजित होने वाले समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सूफी नाइट, लाइव बैंड और रॉक म्यूजिक मुख्य आकर्षण होंगे।
आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था के संस्थापक सदस्य अंकुर किशोर सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि “हम कायस्थ” संस्था पिछले कई वर्षों से अपना स्थापना दिवस विशेष रूप से आयोजित करती आ रही है। इस वर्ष कार्यक्रम को और व्यापक एवं भव्य स्वरूप दिया गया है। उन्होंने बताया कि शास्त्री जयंती को समारोह का अभिन्न हिस्सा बनाया गया है। उन्होंने बताया कि संस्थापक सदस्य एवं मार्गदर्शक संजीव कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन में कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। समारोह शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों के साथ छोटे बच्चों की विशेष प्रस्तुतियां भी होंगी।
संस्था की संचालन समिति के प्रमुख सुधांशु सक्सेना ने बताया कि कार्यक्रम में लाइव बैंड के साथ रॉक म्यूजिक और सूफी गीतों की प्रस्तुतियां होंगी। वहीं कोऑर्डिनेटर अलंकृत सक्सेना ने बताया कि आयोजन की तैयारियां काफी समय से चल रही हैं। समारोह में संस्था के सक्रिय सदस्यों के अलावा शहर के गणमान्य नागरिकों और प्रमुख समाजसेवियों को आमंत्रित किया जाएगा।
कोर कमेटी सदस्य भारत भूषण सक्सेना ने कहा कि 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के साथ पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई जाती है, लेकिन शास्त्री जी का योगदान कई बार अपेक्षित रूप से सामने नहीं आ पाता। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी देश के दूसरे प्रधानमंत्री रहे और कायस्थ समाज के लिए भी उनका गौरवपूर्ण स्थान है। इसी उद्देश्य से इस बार उनकी जयंती को विशेष रूप से समारोह में शामिल किया गया है।
प्रेस वार्ता के दौरान में दीपक श्रीवास्तव, राजेश कुमार सक्सेना, भारत भूषण सक्सेना, ईश्वर चंद्र सक्सेना, अजीत सक्सेना, भरत सक्सेना, अंकित सक्सेना, नितिन सक्सेना और अभिषेक सक्सेना सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
