आंगनबाड़ी वर्करों ने 18 हजार मानदेय मांगा, दिया ज्ञापन

शेरगढ़, बरेली। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीडीओ आनंद विजय यादव को सौंपा। कार्यकत्रियों ने मांग पूरी नहीं होने पर कार्य बहिष्कार कर हड़ताल शुरू करने तथा राज्य स्तर पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। कार्यकत्रियों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 12 हजार और सहायिकाओं का 6 हजार करने की घोषणा की थी। इसके बाद जारी शासनादेश में कार्यकत्रियों के मूल मानदेय में 1,500 और सहायिकाओं के मूल मानदेय में 750 की बढ़ोतरी की गई, शेष बढ़ी हुई राशि प्रोत्साहन राशि के रूप मे दिए जाने का प्रावधान किया गया है। ब्लॉक अध्यक्ष विनीता पटेल ने कहा कि पहले से मिलने वाली 2 हजार की प्रोत्साहन राशि एक वर्ष से अधिक समय से लंबित है। जब पुरानी प्रोत्साहन राशि का ही समय से भुगतान नहीं हो रहा है तो नई प्रोत्साहन राशि मिलने को लेकर भी संशय बना हुआ है। उन्होंने 2,500 की बढ़ी हुई प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल करने और 12 हजार की पूरी राशि एकमुश्त खाते मे भेजने की मांग की। कार्यकत्रियों ने कम से कम 18 हजार मानदेय किए जाने की मांग भी उठाई। इसके अलावा कार्यकत्रियों ने गांवों में नेटवर्क की समस्या का हवाला देते हुए जीपीएस व्यवस्था समाप्त करने की मांग की। उनका कहना है कि नेटवर्क नहीं मिलने से जीपीएस के जरिए काम करने में परेशानी होती है। मांगें पूरी न होने पर कार्य बहिष्कार और हड़ताल की चेतावनी दी गई। ज्ञापन देने वालों में, चंद्रकली , रत्नावती, राजकुमारी, संजू गंगवार, सुनीता, जागृति देवी, नंद किशोरी, प्रीति, नजला, मीणा, ज्ञानेश्वरी, शा रदा, रजनीश, प्रभा राठौर, सावित्री, सुनीता, आशा, संतोष कुमारी, सरिता कुमारी कुसुम व नन्हीं आदि वर्कर रही।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *