बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के मोहल्ला अंसारी में मंगलवार सुबह एक युवक अपने कमरे मे मृत मिला। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रवि गुप्ता उर्फ सोनू (38) के रूप मे हुई है। वह श्रीराम गुप्ता के बेटे थे। रवि मूल रूप से लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। यहां वह शिशुपाल के मकान में किराए पर रहते थे। सुबह करीब नौ बजे मकान मालिक ने रवि के कमरे का दरवाजा बंद देखा। कई बार आवाज देने पर कोई जवाब नही मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी आदेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खुलवाया तो युवक अंदर मृत मिला। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच करवाई। रवि के बड़े भाई राजीव कुमार ने बताया कि रवि की पत्नी अपने दो बच्चों आरव (9) और अवी (7) के साथ मायके गई हुई हैं। करीब दस दिन पहले उनकी मां का निधन हुआ था। दसवीं के संस्कार के बाद ही रवि वापस लौटे थे। वह पहले पेस्टीसाइड की दुकान पर काम करते थे, बाद में कैटरिंग का काम करने लगे थे। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
