हत्या कर नकटिया नदी में फेंका युवक का शव, पोस्टमार्टम में खुलासा

बरेली। जनपद के थाना बारादरी क्षेत्र के युवक की हत्या करके शव नदी मे फेंक दिया गया। परिजन और पुलिस ने डूबने से मौत की आशंका जताई थी लेकिन पोस्टमार्टम मे ट्रैकिया टूटा मिलने के कारण गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। बारादरी के मोहल्ला चक महमूद निवासी 30 वर्षीय फईम गुरुवार दोपहर पत्नी नूरी से घूमने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। फईम के भाई अजीम ने बताया कि इसी दौरान जानकारी मिली कि वह बिथरी चैनपुर क्षेत्र के गांव सैदपुर खजुरिया में नकटिया नदी मे नहाने गया था और वहां गहरे पानी में डूब गया। मौके पर पहुंची बिथरी चैनपुर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसका शव नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। पुलिस और परिवार वाले डूबने से फईम की मौत होने की आशंका जता रहे थे लेकिन पोस्टमार्टम में उसका ट्रैकिया (गले की हड्डी) टूटने की बात सामने आई। साथ ही गले में हल्की चोट भी मिली है। फेफड़ों में पानी नहीं मिलने से डूबकर मौत की आशंका भी खत्म हो गई, जिसके चलते हत्या करके शव नदी में फेंकने की आशंका जताई जा रही है। परिजन के मुताबिक फईम कबाड़ का काम करता था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। मृतक अपने पीछे पत्नी नूरी और एक बेटी को छोड़ गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की तो सामने आया कि नदी में जहां शव मिला, वहां पानी कम है। ऐसे में डूबकर मौत की आशंका भी कम है। पूरे मामले के खुलासे के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने बिथरी चैनपुर पुलिस के साथ ही एसओजी को लगाया है। पुलिस टीमें आसपास मौजूद लोगों से घटनाक्रम की जानकारी करने में जुटी हैं। पुलिस ने उसके परिजन से भी बात की है लेकिन उन लोगों ने किसी से रंजिश होने से इनकार किया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *