आंवला, बरेली। धोखाधड़ी कर जमीन का बैनामा कराने के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भमोरा थाना क्षेत्र के भोलापुर गांव निवासी चेतराम सिंह ने 23 जनवरी को धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में उन्होंने बताया कि नन्हे, रविन्द्र, चंद्रभान, गजेंद्र, देवेंद्र उर्फ गुड्डू और ओमवती ने साजिश के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार किए और खुद को जमीन का असली मालिक बताते हुए उनकी जमीन का फर्जी बैनामा माया देवी के नाम करा दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में पुलिस आरोपी राम प्रसाद को 8 जुलाई को ही जेल भेज चुकी है। प्रभारी निरीक्षक बीनू सिंह ने बताया कि टीम ने भोलापुर गांव से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चोरी के पंप सेट बेचने से पहले पकड़ा आरोपी : नवाबगंज। चोरी के पंप सेट बेचने की तैयारी कर रहे युवक को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। उसके पास से तीन पंप सेट बरामद हुए। रविवार देर शाम उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह को गश्त के दौरान सूचना मिली कि अभयराजपुर गांव में एक युवक चोरी के पंप सेट बेचने की तैयारी में है। पुलिस ने मौके से एक युवक को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से तीन पंप सेट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम श्यामचंद उर्फ महाशय निवासी अभयराजपुर बताया।।
बरेली से कपिल यादव
