बरेली। संविधान संवाद मे भाग लेने बरेली पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने रविवार को भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी से परेशान हैं मगर सरकार समस्याओं से मुंह मोड़ रही है। आगे होने वाले विधानसभा चुनाव में पब्लिक भाजपा को जवाब देगी। सीबीगंज में आयोजित कार्यक्रम में अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की मूल भावना से खिलवाड़ कर रही है। महंगाई ने आम आदमी परेशान है। नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं। किसान त्रस्त है। डबल इंजन सरकार की नीतियों का लाभ उद्योगपतियों को मिल रहा है। अजय राय ने राहुल गांधी को संविधान और लोकतंत्र की लड़ाई का प्रमुख चेहरा बताते हुए कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज उठा रही है। संचालन कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने किया। सीतापुर सांसद राकेश राठौर ने कहा कि चीनी, सब्जियां, दालें और रोजमर्रा का सामान महंगा होने से परिवारों का बजट बिगड़ गया है। बेरोजगारी से युवा निराश हैं। फरीदपुर टोल प्लाजा और झुमका चौराहा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अजय राय और राकेश राठौर का जोरदार स्वागत किया। नि. जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी, नि. महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा, असलम चौधरी आदि कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
