बरेली। कर्मचारी नगर और रेजिडेंसी गार्डन के रहवासी पिछले छह दिनों से जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। घरों के आसपास पानी जमा होने के कारण लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। छठे दिन भी पानी नहीं उतरने से लोगों की परेशानी कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है। बच्चों को स्कूल जाने और बुजुर्गों को जरूरी काम से बाहर निकलने में सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। कर्मचारी नगर में किला नदी का जलस्तर बढ़ने से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं रेजिडेंसी गार्डन कॉलोनी में पानी की निकासी नहीं हो पाना सबसे बड़ी समस्या बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छह दिन बीत जाने के बाद भी पानी के बीच ही दिन-रात गुजारना पड़ रहा है। जलभराव के कारण लोगों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। नौकरी और कारोबार के सिलसिले में बाहर जाने वाले लोगों को पानी से होकर रास्ता तय करना पड़ रहा है। जरूरी सामान लेने के लिए भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि शुरुआत में उम्मीद थी कि पानी एक-दो दिन में उतर जाएगा,लेकिन छह दिन बाद भी हालात सामान्य नहीं हुए हैं। लगातार पानी जमा रहने से लोगों में अब चिंता बढ़ने लगी है। केसर वाटिका निवासी पवन मौर्य, सिटी हार्ट कॉलोनी निवासी जगदीश अरोरा , लाजपत नगर निवासी अशोक वर्मा, कर्मचारी नगर निवासी रेनू मनोहर और विनोद सक्सेना ने बताया कि बच्चों को स्कूल भेजने में डर लगता है। रास्ते में पानी भरा है और फिसलन भी है। बच्चे रोज पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर है। बच्चों को स्कूल भेजने में डर रहे अभिभावक : जलभराव का सबसे ज्यादा असर स्कूल जाने वाले बच्चों पर पड़ रहा है। बच्चों को पानी से होकर स्कूल जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कई अभिभावक उन्हें पानी के बीच से भेजने में डर रहे हैं। रास्ते में पानी की गहराई और फिसलन के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ उनकी सुरक्षा भी चिंता का विषय बन गई है। छोटे बच्चों को पानी पार कराना और भी मुश्किल हो रहा है। नगर निगम ने किला नदी में शुरू कराई सफाई : जलभराव की समस्या के बीच नगर निगम ने किला नदी के आसपास सफाई अभियान शुरू कराया है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि किला नदी के प्रवाह में जलकुंभी और सरकंडा जमा होने से पानी के बहाव में रुकावट आ रही थी। इसे हटाने के लिए विशेष टीम मौके पर उतर गई है। उन्होंने बताया कि जलकुंभी और सरकंडा निकाला जा रहा है, ताकि नदी का फ्लो सुचारू हो सके। नदी के आसपास सफाई का काम जारी है और टीम लगातार मौके पर काम कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
