बारिश में उफनाई किला नदी नहाने को कूदा युवक डूबा, तलाश मे जुटे गोताखोर

बरेली। शराब के नशे में धुत युवक नहाने के लिए पेड़ पर चढ़कर किला नदी में कूद गया लेकिन पानी ज्यादा होने के कारण डूब गया। पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश करा रही है लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नही लगा। किला छावनी निवासी महेंद्र राठौर का बेटा 27 वर्षीय राहुल राठौर शनिवार शाम करीब चार बजे शराब के नशे में धुत होकर किला नदी के किनारे पहुंचा और उसमें नहाने की बात कहने लगा। बारिश के चलते इन दिनों नदी उफनाई हुई और पानी काफी बढ़ गया है। इस वजह से आसपास के लोगों ने राहुल को डांटकर वहां से भगा दिया। मगर कुछ देर बाद वह दोबारा वहां पहुंच गया और पेड़ पर चढ़कर नदी में छलांग लगा दी। कुछ दूर तक तो राहुल तैरता रहा और फिर नदी में डूबने लगा। आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। सूचना पर किला थाना प्रभारी अचल कुमार मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में उसकी तलाश कराई। अंधेरा होने तक पुलिस उसकी तलाश कराती रही लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। अब रविवार को उसकी दोबारा तलाश कराई जाएगी। परिजन ने बताया कि राहुल सिटी स्थित मोमबत्ती फैक्ट्री मे काम करता है और तीन भाइयों में सबसे बड़ा है। आसपास के लोगों ने बताया कि राहुल को तैरना आता है। कुछ दूर तक वह तैरता रहा लेकिन शराब का नशा और नदी में पानी ज्यादा होने के कारण वह डूब गया। मौके पर मौजूद विशाल ने बताया कि राहुल दोपहर में भी नदी में नहाने पहुंचा था लेकिन वे लोग उसे पकड़कर ले गए। मगर उसे नहाने की ऐसी सनक चढ़ी कि वह दोबारा वहां पहुंचा और पेड़ पर चढ़कर नदी में कूद गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *