भोजीपुरा, बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र के ग्राम जदौआ मे मारपीट की सूचना पर बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम के साथ अभद्रता, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। भोजीपुरा पुलिस टीम के हेड कांस्टेबल परमानन्द और कांस्टेबल अरुण कुमार नोटिस तामीला तथा जांच संबंधी कार्रवाई के लिए ग्राम जदौआ पहुंची थी। इसी दौरान गांव के बाहर सड़क पर एक पिकअप वाहन के पास कुछ लोग एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे थे। पुलिस के अनुसार मौके पर पिकअप चालक अशोक, उसके भाई सूरजपाल, वेदप्रकाश, विक्की, सतीश समेत अन्य लोग मौजूद थे और मछली पकड़ने वाले मोहम्मद यूनिस के साथ विवाद एवं मारपीट कर रहे थे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मारपीट रोकने और बीच-बचाव का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने एक राय होकर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना भोजीपुरा में दर्ज किया। मुखबिर की सूचना पर आंवला मोड़ के सामने मंदिर के पास से सुबह करीब 8:45 बजे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक पुत्र राधेश्याम, सूरजपाल पुत्र राधेश्याम, वेदप्रकाश पुत्र राधेश्याम, सभी निवासी ग्राम जदौआ थाना भोजीपुरा तथा कामता प्रसाद पुत्र मुन्नालाल निवासी ग्राम कमुआ मकरूका थाना भोजीपुरा के रूप में हुई है।।
बरेली से कपिल यादव
