भोजीपुरा, बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र के एक गांव मे नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पिता की ओर से पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया गया है। थाना हाफिजगंज क्षेत्र के गांव अहमदाबाद के किसान राम सिंह ने पुत्री संगीता की शादी भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव तजुआ निवासी धारा सिंह के साथ 22 अप्रैल 2026 को की थी। मृतका के पिता राम सिंह का आरोप है कि कम दहेज के लिए ससुराल वाले ताने मारते थे। संगीता ने पिता से शिकायत की तो उन्होंने ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया। गुरुवार शाम नव विवाहिता का शव घर की टीनशेड में फंदे पर झूलता मिला। पिता ने फोन किया तो ससुर जगदीश सिंह ने बताया कि संगीता ने फांसी लगाकर जान दे दी है। सूचना पर रात मे मायके वाले आ गए। मृतका के मायके वालों की सूचना पर डायल 112 व चौकी धौंराटांडा से उप निरीक्षक पवन कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति धारा सिंह, ससुर जगदीश सिंह, ननद सुदामा, रजनी पत्नी संतोष कुमार, संतोष कुमार निवासी करमपुर चौधरी थाना इज्जतनगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। सीओ हाइवे देवेश सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। मीरगंज क्षेत्र में कमरे में मिला युवक का शव : मीरगंज के गांव दियोरिया अब्दुल्लागंज के मझरा अब्दुल्लागंज मे शुक्रवार सुबह एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी अनिल कुमार (30) पुत्र खेमकरन लाल के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक अनिल ने 11 महीने तक बाहर रहकर मेहनत-मजदूरी की। रक्षाबंधन के दौरान वह घर लौटा था। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे एक बच्चे ने परिजनों को अनिल के कमरे में कुछ गड़बड़ होने की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो कमरे के गेट पर ताला लगा मिला। ताला तोड़कर अंदर देखा तो अनिल मृत अवस्था में पड़ा था। अनिल की शादी हो चुकी थी। उसके एक बेटी है।।
बरेली से कपिल यादव
