बरेली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को अधिकारियों ने अलग-अलग गोशालाओं में गोपूजन किया। जिलाधिकारी अविनाश सिंह अपने आवास पर गोपूजन के बाद सीबीगंज के ग्राम नदौसी स्थित कान्हा उपवन गोशाला का निरीक्षण किया। गोशाला को 51 हजार रुपये का सहयोग दिया। डीएम ने गोशाला में मौजूद गोवंश की संख्या, उनके रखरखाव, चारा, पीने के पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। बीमार और कमजोर गोवंश के इलाज की भी जानकारी ली। कहा कि अधिकारी और स्वयंसेवी संस्थाएं सप्ताह में एक दिन गोशालाओं में दान और सेवा के माध्यम से सहयोग कर सकते हैं। सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, गोशाला प्रभारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
