बाड़मेर : नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि आज

राजस्थान/बाड़मेर- बाड़मेर नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत बाड़मेर नगर परिषद एवं चौहटन नगर पालिका में पार्षद पद के लिए अंतिम तिथि 31 अगस्त को दोपहर तीन बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर रवीन्द्र कुमार ने बताया कि बाड़मेर नगर परिषद के 55 एवं चौहटन नगर पालिका के 20 वार्डों के लिए संबंधित उम्मीदवार सोमवार को नामांकन पत्र जमा करवा सकेंगे। उन्होंने उम्मीदवारों से अनुरोध किया है कि 31 अगस्त को दोपहर 3 बजे का इंतजार करने के बजाय यथासंभव समय से पहले समस्त दस्तावेजों एवं आवेदन संबंधित प्रविष्ठियों को पूर्ण करते करवाते हुए नामांकन पत्र जमा करवाएं। क्योंकि अंतिम तिथि के पश्चात् किसी भी प्रकार की कमी-पूर्ति स्वीकार नहीं की जा सकेगी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी। जबकि 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक संबंधित उम्मीदवार की ओर से अभ्यर्थिता वापिस ली जा सकेगी। इसके बाद 4 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाड़मेर नगर परिषद में प्रथम चरण में 9 सितंबर एवं चौहटन नगर पालिका में दूसरे चरण के तहत 11 सितंबर को मतदान होगा। इस दौरान मतदान का समय प्रातः 7 से सांय 6 बजे तक रहेगा।

ईवीएम से होगा मतदान,पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगाः नगर निकाय चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का उपयोग किया जाएगा। मतदान के समय मतदाता को पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। जिन मतदाताओं के पास ईपीआईसी नहीं हो, वे आयोग की ओर से मान्य 11 वैकल्पिक फोटो दस्तावेजों में से कोई एक मूल दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *