बच्चे को छोड़ गई महिला, भूख-प्यास से बिलखता रहा

बरेली। जिला अस्पताल की इमरजेंसी मे शुक्रवार को एक मासूम भूख-प्यास से अकेला बिलखता रहा। लगभग 30 वर्षीय अज्ञात महिला दो बच्चों के साथ जिला अस्पताल मे भर्ती हुई थी। हालत में सुधार होने के बाद महिला एक बच्चे को अपने साथ ले गई जबकि दूसरे मासूम को जिला अस्पताल मे ही छोड़कर फरार हो गई। बताया जा रहा कि मासूम सुबह करीब छह बजे से भूख-प्यास के कारण लगातार रो रहा था। उसकी हालत देखकर इमरजेंसी मे तैनात नर्सिंग स्टाफ स्वाति ने उसे बिस्किट और दूध पिलाया। इसके बाद डॉक्टर मोहम्मद अदनान को मामले की जानकारी दी गई। नर्सिंग ऑफिसर संजीव कुमार ने अन्य कर्मचारियों के साथ बच्चे को नए कपड़े पहनाए और उसके खान-पान की व्यवस्था कराई। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिये महिला और बच्चे के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस महिला की तलाश के साथ मासूम के परिजनों का भी पता लगाने में जुटी है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *