बरेली। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को जुपिटर हॉल इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारम्भ करते हुए विशेष बसों को फ्लैग-ऑफ किया। योजना के अंतर्गत 60 वर्ष एवं इससे अधिक आयु की महिलाओं को नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने की घोषणा की गई। साथ ही रक्षाबंधन के पावन पर्व पर माताओं, बेटियों एवं बहनों को एक सहयोगी सहित 27 अगस्त को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त को रात्रि 12 बजे तक नि:शुल्क यात्रा की भी सौगात दी जाएगी। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद बरेली के आईएमए ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, माननीय विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, माननीय विधायक कैंट संजीव अग्रवाल, माननीय विधायक मीरगंज डॉ. डीसी वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह,डीएम अविनाश सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही। जनप्रतिनिधियों एवं डीएम ने मातृशक्ति को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं तथा लगभग एक हजार महिलाओं को साड़ी एवं मिष्ठान वितरित किया। कार्यक्रम में परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बरेली अनुज गुप्ता और रुहेलखण्ड डिपो के एआरएम अरुण कुमार वाजपेई का विशेष सहयोग रहा। पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। कार्यक्रम की समाप्ति से पूर्व उपस्थित महिला पुलिस कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।।
बरेली से कपिल यादव
