बरेली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े छात्र नेताओं के वाहन रोकने पर शनिवार को बरेली कॉलेज में जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित छात्र नेताओं ने नारेबाजी करते हुए उप प्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा और चीफ प्रॉक्टर इंदीवर सिंह का घेराव किया। आरोप लगाया कि परिसर में दूसरे संगठनों के छात्र नेताओं को वाहन परिसर में धड़ल्ले से घूमते हैं, जबकि एबीवीपी के छात्र नेताओं के वाहन रोके जाते हैं। छात्र नेताओं ने समान व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई। एबीवीपी की कॉलेज इकाई की तरफ से आरोप लगाया गया कि सुनियोजित तरीके से कुछ छात्रों को परिसर में वाहन ले जाने की अनुमति दी जा रही। कहा कि अगर कॉलेज परिसर में वाहनों के प्रवेश को लेकर नियम बनाए जाते हैं तो उनका सभी पर समान रूप से पालन होना चाहिए। केवल छात्रों के वाहनों पर रोक लगाने के बजाय कॉलेज के शिक्षक एवं अन्य संबंधित लोगों के वाहन भी कैंपस के बाहर निर्धारित स्थान पर पार्क किए जाएं। ताकि कॉलेज परिसर में अनावश्यक वाहनों की आवाजाही खत्म हो सके। विभाग संगठन मंत्री विकास गोला ने कहा कि केवल छात्रों के वाहनों को रोकना और कुछ लोगों को वाहन लेकर परिसर में प्रवेश की अनुमति देना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रशासन को 26 अगस्त तक समान व्यवस्था लागू करने का अल्टीमेटम दिया गया है। इस दौरान महानगर सहमंत्री कुनाल मिश्रा, आयुष शर्मा, हर्ष वर्धन, महानगर सोशल मीडिया संयोजक सत्यम गुर्जर, मीडिया संयोजक हर्षित चौधरी, पुष्पेंद्र कठेरिया, लक्की शर्मा, अंश गंगवार, कार्तिक पांडे आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
