बरेली। आधार अपडेशन मे बरेली जिले की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने तहसीलों में आधार से जुड़े लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आधार केंद्रों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा, ताकि लोगों को आधार संबंधी काम कराने के लिए भटकना न पड़े। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक में डीएम ने आधार कार्यों की समीक्षा की। तहसीलों में लंबित मामलों की संख्या अधिक मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए। कहा कि आधार से जुड़े कामों की लगातार निगरानी की जाए और तहसील स्तर पर विशेष कैंप लगाकर लंबित मामलों को जल्द निपटाया जाए। डीएम ने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के आधार नामांकन की धीमी प्रगति पर भी सुधार के निर्देश दिए। जिला कार्यक्रम अधिकारी को नियमित निगरानी कर पात्र बच्चों का जल्द आधार नामांकन कराने को कहा। वहीं खंड शिक्षा अधिकारियों को नियमित लक्ष्य तय कर आधार अपडेशन की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधार केंद्रों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए। केंद्रों का व्यापक प्रचार-प्रसार होने से लोग आसानी से वहां पहुंच सकेंगे। सीडीओ देवयानी, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय चौधरी, बीएसए डॉ. विनीत शुक्ला आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
