मीरगंज, बरेली। तहसील मे मंगलवार को डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। डीएम ने छह पात्र ग्रामीणों के राशन कार्ड मौके पर ही बनवाए। समाधान दिवस में 52 शिकायतें दर्ज हुई। डीएम ने अधिकारियों से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया। डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। डीएम ने ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने कार्यालय में प्रातः 9.45 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक अनिवार्य रूप से बैठकर जनता की शिकायतें सुनें और उनका निस्तारण कराएं। निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित किया जाए। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक उपाध्याय ने वकीलों के साथ तहसील परिसर में जल भराव होने की शिकायत कर स्थाई समाधान करने की मांग की। सुकली के ग्रामीण ने गांव में दो माह से सफाई कर्मचारी की तैनाती न होने की शिकायत की। डीएम ने डीपीआरओ को सफाई कर्मचारी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। डीएम ने डीपीआरओ और बीडीओ को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा, एसडीएम निधि शुक्ला, तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, डीडीओ दिनेश कुमार यादव, पीडी डीआरडीए चन्द्रप्रकाश श्रीवास्तव, एसीएमओ डॉ. अमित कुमार, सीओ अजय कुमार आदि मौजूद रहे। फर्जी निस्तारण पर ईओ को निलंबन की चेतावनी : मीरगंज। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान फतेहगंज पश्चिमी के नवीन ने अपना शिकायती पत्र दिया। उन्होंने कहा कि 16 मई को नाला सफाई के लिए डीएम को पत्र दिया था। डीएम ने ईओ को नाला साफ कराने का निर्देश दिया था। ईओ ने बिना सफाई कराये ही 25 मई को प्रकरण का फर्जी निस्तारण कर दिया। डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए 2 दिन में नाला साफ न होने पर ईओ के निलंबन की चेतावनी दी है।।
बरेली से कपिल यादव
