एसएसपी अनुराग आर्य देश के 100 सर्वश्रेष्ठ आईपीएस मे शामिल

बरेली। एसएसपी अनुराग आर्य ने देश के 100 सर्वश्रेष्ठ जिला पुलिस प्रमुखों की सूची में जगह बनाई है। फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में देशभर के जिला पुलिस प्रमुखों में से चयनित 100 अधिकारियों में उत्तर प्रदेश से 10 पुलिस कप्तानों को स्थान मिला है, जिनमें अनुराग आर्य भी शामिल है। इस सर्वेक्षण में पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व, कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनता के साथ उनके संबंधों को प्रमुख आधार बनाया गया है। इसके अलावा महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा, संकट के समय निर्णय क्षमता, आधुनिक तकनीक व नवाचार का इस्तेमाल तथा पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यशैली जैसे पहलुओं को भी शामिल किया गया है। कई स्तर पर मूल्यांकन के बाद चयन : चयन के लिए आधिकारिक आंकड़ों और प्रशासनिक स्रोतों के साथ ही मीडिया रिपोर्ट, विशेषज्ञों की राय, सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी व जमीनी स्तर के सर्वेक्षण को भी आधार बनाया गया। साथ ही अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था में सुधार, जनमित्र पुलिसिंग, दूरदर्शी नेतृत्व एवं नवाचार, पारदर्शिता और जवाबदेही, त्वरित निर्णय क्षमता, संकट प्रबंधन, व्यवहार कुशलता एवं जनसंपर्क, प्रबुद्ध वर्ग की राय तथा मीडिया और सार्वजनिक छवि समेत दस मानक तय किए गए थे। बागपत के छपरौली गांव में जन्म, पहले प्रयास मे बने आईपीएस : अनुराग आर्य का जन्म 1987 में बागपत जिले के छपरौली गांव में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही सरस्वती शिशु मंदिर से प्राप्त की और फिजिक्स में बीएससी (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की। पहले उनका सेलेक्शन आरबीआई में हुआ था, इसके करीब आठ महीने बाद वर्ष 2013 में वह पहले प्रयास में ही आईपीएस बने, जिसमें उनकी रैंक 163 थी। परिवार में उनकी मां डॉ. पूनम आर्य, पत्नी वनिका सिंह और बेटी अनाइका आर्य हैं। पत्नी वनिका सिंह पीसीएस अधिकारी हैं। आईपीएस अनुराग आर्य अमेठी, बलरामपुर, मऊ, प्रतापगढ़ और आजमगढ़ में सेवाएं दे चुके है। वह बास्केटबॉल के खिलाड़ी हैं। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान, उत्तरकाशी से प्रशिक्षित पर्वतारोही, औली से प्रमाणित स्कीयर हैं तथा हैदराबाद मैराथन और दिल्ली हाफ मैराथन सफलतापूर्वक पूरी कर चुके है। यूपी के ये अधिकारी चुने गए : यूपी से सूची में आकाश पटेल (चंदौली), अनुराग आर्य (बरेली), अपर्णा रजत कौशिक (मिर्जापुर), दीक्षा शर्मा (ईस्ट जोन लखनऊ), डॉ. कौस्तुभ (गोरखपुर), इलामारन जी. (एटा), केके बिश्नोई (संभल), प्राची सिंह (अंबेडकरनगर), डॉ. इराज राजा (गाजीपुर) और सर्वानंद टी. (अमेठी) का चयन हुआ है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *