बरेली। तीन दिवसीय आला हजरत उर्स का शनिवार को शांतिपूर्ण समापन हो गया। उर्स के बाद देश-विदेश से आए जायरीनों को अपने गंतव्य तक लौटने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह व एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पैदल गश्त कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर यातायात डायवर्जन भी लागू किया गया था। लोगों से यातायात डायवर्जन का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। अधिकारियों ने इस्लामिया ग्राउंड, दरगाह मार्ग, बिहारीपुर चौकी, इस्लामिया मार्केट, पटेल चौक सहित आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने व महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने जायरीन से संवाद कर उन्हें सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। डीएम ने कहा कि जायरीनों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रशासन व पुलिस लगातार निगरानी कर रहे हैं। एसएसपी ने कानून-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
