कुल की रस्म के साथ आला हजरत के उर्स का समापन, 10 लाख जायरीन हुए शामिल

बरेली। आला हजरत इमाम अहमद रजा खां फाजिले बरेलवी के 108वें उर्स का शनिवार को समापन हो गया। तीन दिवसीय इस आयोजन में करीब 10 लाख जायरीन पहुंचे। शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे आला हजरत के कुल की रस्म अदा की गई। उर्स समापन के बाद जायरीन के वापसी का सिलसिला शुरू हुआ तो सड़कों पर जनसैलाब दिखाई दिया। इस दौरान शहरभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू रही। उर्स का आयोजन इस बार सावन माह में हुआ। इसी दौरान कांवड़ यात्रा भी चल रही है। इसके चलते पुलिस-प्रशासन के अफसर लगातार भ्रमणशील रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। एहतियात के तौर पर यातायात डायवर्जन भी लागू किया गया था। लोगों से यातायात डायवर्जन का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि इस बार उर्स में करीब 10 लाख लोगों के आने का अनुमान है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। ड्रोन से संवेदनशील और मिश्रित इलाकों में लगातार निगरानी की गई। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। शहर के सौदागरान स्थित आला हजरत दरगाह से लेकर उर्स स्थल इस्लामिया कॉलेज मैदान तक का इलाका जायरीन से भरा रहा। उर्स स्थल पर बने मंच पर विभिन्न कार्यक्रम चलते रहे। उर्स-ए-रजवी में दूर-दराज से आए देश के जाने-माने उलमा ने दीन और मसलक पर पैगाम दिया। जैसे ही कुल की रस्म शुरू हुई और लाउड स्पीकर पर कुरान की आयतें गूंजने लगीं, जायरीन जहां थे वहीं रुक गए। कुल की रस्म के बाद बाहर से आए जायरीन और स्थानीय लोगों की वापसी शुरू हुई। इससे शहर की सड़कों पर भारी भीड़ नजर आई। लगभग सभी प्रमुख सड़कों पर दूर-दूर तक सिर्फ जायरीन ही दिखाई दिए। यह स्थिति लगभग एक घंटे तक बनी रही। भीड़ का आलम यह था कि आसपास के भवनों की छतों और मकान के छज्जों तक लोग खड़े थे। जहां कहीं बड़े वाहन खड़े थे, उन पर भी लोग चढ़कर बैठ गए थे। वापसी के दौरान शाहजहांपुर मार्ग पर खासी भीड़ देखी गई। सावन माह में उर्स और कांवड़ यात्रा दोनों एक साथ होने के कारण पुलिस-प्रशासन के लिए सुरक्षा चुनौती थी। इसके लिए विशेष सुरक्षा योजना बनाई गई थी। शहर में यातायात को सुचारु रखने के लिए डायवर्जन लागू किया गया। पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की ताकि कोई अव्यवस्था न फैले। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी और सोशल मीडिया पर नजर रखने जैसे कदम उठाए गए। डीएम और एसएसपी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इस्लामिया ग्राउंड, दरगाह मार्ग समेत आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया। संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी के निर्देश दिए गए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *