6 से 15 अगस्त तक स्कूल कॉलेज से लेकर घर तक लहराएगा तिरंगा

बरेली। स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रशासन ने इसकी तैयारियां तेज कर दी है। लोगों में देश भावना जागृत रहे इसके लिए प्रशासन द्वारा 6 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। इसे लेकर डीएम अविनाश सिंह ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। इस अभियान के तीन चरण होंगे। पहला चरण: 6 से 8 अगस्त : डीएम ने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका भी मनाया जाएगा। शहीद स्मारकों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों को भी विशेष रूप से सजाया जाएगा। विकास भवन और ब्लॉकों से निकलेंगी तिरंगा रैलियां। डीएम ने विकास भवन से तिरंगा रैली निकालने के साथ जिले के सभी विकास खंडों में भी रैलियां आयोजित कराने के निर्देश दिए। अटल आवासीय विद्यालय में कार्यक्रम होगा। अन्नपूर्णा भवनों पर लाइटिंग और ध्वजारोहण किया जाएगा। सरकारी राशन की दुकानों पर भी तिरंगा फहराया जाएगा। सरकारी भवनों के साथ रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर तिरंगा लाइटिंग कराने की तैयारी है। पेट्रोल पंपों और एलपीजी सेक्टर में भी ध्वजारोहण कराया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में विशेष कार्यक्रम होंगे। विद्यालयों में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन भी कराया जाएगा। दूसरा चरण: 9 से 12 अगस्त : पहले चरण में स्कूलों की दीवारों और बोर्डों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा। स्कूल-कॉलेज, सरकारी भवन, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, शॉपिंग मॉल और सार्वजनिक स्थानों पर हर घर तिरंगा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। तिरंगा रंगोली प्रतियोगिताएं भी होंगी। विद्यार्थी सैनिकों और पुलिसकर्मियों के सम्मान में आभार पत्र लिखेंगे। जिन्हें डाक विभाग के माध्यम से भेजा जाएगा। बाजारों में तिरंगा थीम पर सजावट और लाइटिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। शहीद स्मारकों, प्रतिमाओं और तोरण द्वारों की सफाई, रंगाई-पुताई और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। तीसरा चरण: 13 से 15 अगस्त : तिरंगा महोत्सव और तिरंगा मेला आयोजित होगा। स्कूल-कॉलेज और तकनीकी संस्थानों में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी प्रतियोगिताएं होंगी। अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और विद्यालयों को सम्मानित किया जाएगा। तिरंगा मेले में स्वयं सहायता समूहों, ओडीओपी, एमएसएमई और स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों, स्कूल-कॉलेजों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, घरों, शहीद स्मारकों और अमृत सरोवरों पर तिरंगा फहराया जाएगा। प्रमुख स्थानों पर तिरंगा लाइटिंग भी की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस पर स्कूलों में प्रभात फेरी और तिरंगा रैली निकलेगी। सामान्य ज्ञान और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के साथ खो-खो, कबड्डी और रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेल भी होंगे। आंगनबाड़ी केंद्रों, वृद्धाश्रमों, दिव्यांग आश्रमों और बाल सुधार गृहों में विशेष कार्यक्रम होंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीद सैनिकों के परिजनों और पूर्व सैनिकों को कार्यक्रमों में बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। शहीद स्मारकों पर पुलिस और होमगार्ड बैंड देशभक्ति की धुनें बजाएंगे। पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड और खेल विभाग सहित विभिन्न संगठनों के सहयोग से तिरंगा बाइक रैली भी निकाली जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने बताया कि प्रशासन 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका के तौर पर मनाएगा। इसके लिए दफ्तर आने के बाद दो मिनट का मौन रखा जाएगा और जिला सूचना विभाग द्वारा प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। जिसे आमजनमानस भी देख सकेंगे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *