दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट:कोर्ट के आदेश पर 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आगरा – तहसील खेरागढ़ के ब्लॉक जगनेर में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट की घटना सामने आई है। कोर्ट के आदेश पर 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार आगरा के जगनेर क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय निशा ने अपने पति, सास-ससुर और अन्य ससुरालीजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 1 मई 2023 को राजस्थान के धौलपुर जिले के थाना कोलारी क्षेत्र के गांव मालौनी पमार में हुई थी। निशा का आरोप है कि उसका पति बंटू पुत्र विजय सिंह शराब के नशे में आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि सास-ससुर और परिवार के अन्य सदस्य भी दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करते थे।
निशा का कहना है कि ससुराल पक्ष ने अपनी संपत्ति तक बेच दी और अब उस पर मायके से पैसे लाने का दबाव बना रहे थे। आरोप है कि उससे कहा गया कि “अपने माता-पिता से पैसे लेकर आओ, तभी तुम्हें इस घर में रखा जाएगा।”
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर 16 लोगों के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता ने वीडियो के माध्यम से अपनी आपबीती मीडिया के सामने भी रखी।
नामजद आरोपियों में अजय पुत्र केदार, आकाश पुत्र दिनेश, रामबरन पुत्र होरिलाल तथा शांति पत्नी केदार सहित अन्य लोग शामिल बताए गए हैं, जो गांव मालौनी पमार, थाना कोलारी, जिला धौलपुर (राजस्थान) के निवासी हैं।

— आगरा से योगेश पाठक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *