दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में बरेली कांग्रेस का मौन सत्याग्रह, मशाल जुलूस निकालकर जताया विरोध

बरेली। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने महात्मा गांधी प्रतिमा पार्क पर मौन सत्याग्रह किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी स्थित शहीद स्थल से चौकी चौराहा तक मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। इस दौरान छात्रों के अधिकारों और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता चौकी चौराहा स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा पार्क पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे मौन सत्याग्रह किया। कार्यक्रम अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित किया गया। छात्रों का आंदोलन केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि उनके अधिकारों और भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया गया, जिसकी कांग्रेस कड़ी निंदा करती है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं, जिससे लाखों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि सरकार युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय जिम्मेदार लोगों को बचाने में लगी हुई है। प्रदेश प्रवक्ता डॉ. के.बी. त्रिपाठी ने कहा कि मौन सत्याग्रह उन छात्रों और युवाओं के समर्थन में किया गया है, जिनका भविष्य व्यवस्थागत विफलताओं के कारण प्रभावित हुआ है। मौन सत्याग्रह के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी स्थित शहीद स्थल से चौकी चौराहा स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा पार्क तक मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रेम प्रकाश अग्रवाल, मुजम्मिल रजा एडवोकेट, डॉ. चारू मेहरोत्रा, जिया उर रहमान, जुनैद हसन एडवोकेट समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *