बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे मे नगर पंचायत की 200 वर्गगज जमीन बेचने की कोशिश को नाकाम किया गया। अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने शनिवार को टीम के साथ मौके पर जाकर जमीन पर कब्जा लिया। चहारदीवारी बनवाकर उसे सुरक्षित किया गया है। ईओ पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि यह जमीन मोहल्ला अंसारी वार्ड 14 में तबेला के नाम से दर्ज है। दशकों से इसका सार्वजनिक उपयोग हो रहा है। यहां लोग बकरीद पर कुर्बानी करते हैं और गाड़ियां भी खड़ी करते है। आरोप है कि एक युवक ने इस जमीन को अपनी बताकर सौदा किया था। उसने खरीदार से बयाना भी ले लिया था। शनिवार को खरीदार निर्माण कराने पहुंचा। जिसकी सूचना नगर पंचायत को मिली। एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल आदित्य कुमार सिंह की राजस्व टीम ने मौके पर जाकर जांच की। जमीन राजस्व रिकॉर्ड मे नगर पंचायत के नाम दर्ज पाई गई। वहां चहारदीवारी बनवाई गई। इसके बाद सौदा करने के आरोपी को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। अवैध कब्जेदारों को भेजा नोटिस : फतेहगंज पश्चिमी। नगर पंचायत प्रशासन ने वार्ड सराय भोलेनगर मे बंद गली खुलवाने के लिए अवैध कब्जेदारों को नोटिस जारी किए हैं। कब्जा खाली न करने पर बुलडोजर से ध्वस्त करने की चेतावनी दी गई है। ईओ पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने कब्जेदारों से मकानों के बैनामे और नक्शे मांगे हैं। उनके मुताबिक, वार्ड सराय में हसनैन अंसारी की दुकान के पीछे से नपं कार्यालय तक जाने वाली आठ फुट चौड़ी गली बंद कर दी गई है। इसका आरोप व्यापारी समेत कुछ लोगों पर है। जनवरी की बोर्ड बैठक में नगर पंचायत और लोक निर्माण विभाग के नक्शे के आधार पर अवैध कब्जे हटाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ था।।
बरेली से कपिल यादव
