बरेली/ फतेहगंज पश्चिमी। चिटौली रोड पर नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी की सीमा मे राजकीय इंटर कॉलेज गत तीन वर्षों से संचालित है। कालेज में लगभग 200 विद्यार्थी अध्यनरत हैं। फतेहगंज-चिटौली रोड से कॉलेज को जाने वाला रास्ता कीचड़ से भरा होने के कारण विद्यार्थी व स्टाफ आए दिन रास्ते पर फिसल कर चोटिल हो रहे हैं। बहुत से विद्यार्थियों ने विद्यालय आना भी छोड़ दिया है। प्रधानाचार्य डा. प्रवेश कुमारी उपाध्याय ने बताया कॉलेज को जाने वाले संपर्क मार्ग के दोनों और किसानों ने कटीले ब्लेडयुक्त तार लगा दिए हैं। जिससे खतरा और भी बढ़ गया। कई छात्र फिसल कर उन तारों की चपेट में भी आ चुके है। स्थानीय विधायक डॉ डीसी वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष इमराना बेगम एवं उप जिलाधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं किंतु समस्या का समाधान न होने से देश की भावी पीढ़ी को काफी खतरे का सामना करना पड़ रहा है और इस कारण विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति घट रही है। अब देखते हैं कि होनहारों की शिक्षा को प्राथमिकता बताने वाले जिम्मेदार कब जागते हैं या विद्यार्थी यूँ ही अपनी राह पर कीचड़ मे रपटने को मजबूर होंगे।।
बरेली से कपिल यादव
