सिरौली, बरेली। जनपद के थाना सिरौली क्षेत्र मे स्कूल से घर लौट रही छात्राओं को दो युवकों ने जबरन खींचकर बाइक पर बैठाकर अपहरण की कोशिश की। छात्राओं के शोर मचाने पर एक युवक भाग गया जबकि उसके साथी को ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना सिरौली के गांव पिपरिया वीरपुर की छात्राएं व्योंधन खुर्द के इंटर कालेज में पढ़ने जाती हैं। गुरुवार को दो छात्राएं कॉलेज की छुट्टी के बाद पैदल घर जा रही थी। तभी व्योंधन खुर्द से निकलने पर दो युवकों ने छात्राओं को अकेला देखकर बाइक रोक ली और जबरन बाइक पर बैठाने लगे तब छात्राओं ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर खेतों में काम कर रहे लोग दौड़ पड़े, मौका पाकर उनमें से एक बाइक लेकर भाग गया जबकि उसके साथी को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। युवक ग्रामीणों से माफी मांगकर छोड़ने की गुहार करता रहा, लेकिन उन्होंने पुलिस बुला ली। युवक दो घंटे तक बेहोश होने का ड्रामा करता रहा। उसने अपने व साथी के बारे में कुछ नहीं बताया है। परिजनों के आने पर हंगामा किया। पुलिस ने युवक को मेडिकल के लिए भेजा। दोनों छात्राओं ने परिजनों के साथ नबाबपुरा चौकी जाकर पुलिस को तहरीर दी है। चौकी प्रभारी नबाबपुरा वीरेश भारद्वाज ने बताया कि तहरीर मिली है। पकड़े युवक से पूछताछ की जा रही है। मेडिकल मे युवक के कोई चोट नहीं है। जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
