अवैध निर्माण पर गरजा बीडीए का बुलडोजर, दो अवैध कॉलोनियां ध्वस्त

बरेली। अवैध कॉलोनियां काटकर करोड़ों का खेल करने वालों पर बीडीए का बुलडोजर लगातार गरज रहा है। मंगलवार को इज्जतनगर के खजुरिया खाट में बिना स्वीकृति बसाई जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर बीडीए ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सड़क, बाउंड्रीवाल और प्लॉटिंग के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया। बीडीए के अनुसार तौसीफ द्वारा ग्राम खजुरिया खाट में लगभग 4000 वर्गमीटर तथा 3000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। यहां भूखंडों का चिन्हांकन किया जा चुका था। कॉलोनी को आकार देने के लिए सड़क बनाई जा रही थी और बाउंड्रीवाल का निर्माण भी कराया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर बीडीए की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण और विकास कार्य को ध्वस्त कर दिया। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय ने कहा कि बिना स्वीकृति कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी कॉलोनाइजर को बख्शा नहीं जाएगा। जहां भी अवैध प्लॉटिंग या निर्माण की सूचना मिलेगी, वहां नियमानुसार ध्वस्तीकरण और अन्य कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *