युवक का आईफोन छीनकर ट्रांसफर किए 36 हजार रुपये, दिल्ली के दो आरोपी गिरफ्तार

बरेली। मोबाइल फोन छीनकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 36000 रुपये ट्रांसफर करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना 13 जुलाई को रेलवे स्टेशन के बाहर हुई जहां आरोपियों ने पीड़ित का आईफोन-15 और डेबिट कार्ड छीन लिया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन भी बरामद किया है। शाहजहांपुर निवासी विनय कुमार ने 16 जुलाई को कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई को रेलवे स्टेशन के बाहर दो अज्ञात व्यक्तियों ने कॉल करने के बहाने उनसे फोन मांगा था। स्टेशन से बाहर निकलते समय उनका फोन छीन लिया गया। मोबाइल कवर में एक्सिस बैंक का डेबिट कार्ड रखा था। इस घटना के बाद 30 मिनट के भीतर 36000 रुपये यूपीआई के जरिये विभिन्न खातों में स्थानांतरित किए गए। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया। बाद में धारा 317 (2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। गिरफ्तार आरोपी मानिक चंद और समीर दिल्ली के बवाना से हैं। दोनों को रेलवे जंक्शन की नॉर्थ कॉलोनी स्थित पुरानी पानी की टंकी के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि 13 जुलाई को उन्होंने रेलवे स्टेशन के पास विनय कुमार को शिकार बनाया था। पहले मोबाइल बंद होने का बहाना बनाकर फोन लिया, कचहरी रोड पर डरा-धमकाकर फोन छीन लिया। उन्होंने डेबिट कार्ड रास्ते में फेंक दिया। इससे पहले मोबाइल का लॉक खोलकर 36,000 रुपये यूपीआई के माध्यम से दूसरे खातों में भेज दिए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *