बालोतरा में फॉलोअप शिविरों से मिले लंबित प्रकरणों का हो तुरंत समाधान, अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

राजस्थान/बाड़मेर- जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लेकर विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान जिला कलक्टर ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने कहा कि राज्य सरकार आमजन तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग राज उन्नति बैठक के माध्यम से की जा रही है, इसलिए प्रत्येक विभाग अपने-अपने लक्ष्यों की प्रतिदिन समीक्षा करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिन ब्लॉकों में विभिन्न योजनाओं की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों से संवाद स्थापित कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं।

जिला कलक्टर यादव ने शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 31 अगस्त तक शिविरों का नियमित आयोजन सुनिश्चित किया जाए। जिन वार्डों एवं ग्राम पंचायतों में प्रगति औसत से कम है, वहां विशेष फॉलोअप शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में पूर्व में प्राप्त लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण कर आमजन को त्वरित राहत प्रदान की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर केवल औपचारिकता न बनें, बल्कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रभावी माध्यम बनें। जिला कलक्टर यादव ने सभी विभागीय अधिकारियों से विभागवार प्रगति की नियमित समीक्षा करने, राज्य सरकार के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने के लिए समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों में परिवादियों को राहत दी जा सकती है, वहां तत्काल कार्रवाई कर समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकरण का समाधान संभव नहीं है तो संबंधित परिवादी को स्पष्ट एवं उचित कारणों सहित अवगत कराया जाए, जिससे संतुष्टि स्तर में वृद्धि हो। जिन मामलों में दस्तावेजों की कमी है, उनमें परिवादी से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाए जाएं और पात्रता अनुसार योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।अतिरिक्त जिला कलक्टर ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि 30 दिन से अधिक अवधि से लंबित सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जर्जर भवनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी जर्जर भवनों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां किसी प्रकार की शैक्षणिक, सामाजिक अथवा अन्य सार्वजनिक गतिविधि आयोजित न हो, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर ने प्रत्येक अधिशाषी अभियंता को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिविर में न्यूनतम 10 नए पंजीकरण तथा 5 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन का लक्ष्य प्राप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक पात्र परिवारों को इससे जोड़ा जाए, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिले और लोगों के बिजली बिलों में कमी आए। उन्होने लाडो प्रोत्साहन योजना की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को निर्धारित समय पर किस्त जारी करना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी पात्र लाभार्थी को अनावश्यक रूप से प्रतीक्षा न करनी पड़े।

इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह, नगर विकास न्यास के सचिव अशोक कुमार, नगर परिषद आयुक्त आशुतोष आचार्य, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वांकाराम चौधरी,मुख्य चिकित्सा अधिकारी कमलेश चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत, जिला शिक्षा अधिकारी बुद्धाराम, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक दुष्यंत पटेल समेत समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *