बरेली। जनपद मे अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। देवचरा और आंवला क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान कई अस्पताल और एक पैथोलॉजी लैब बिना वैध पंजीकरण मिलीं। कई स्थानों पर मरीज भर्ती मिले, लेकिन न तो चिकित्सक थे न ही प्रशिक्षित स्टाफ। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नोडल अधिकारी डॉ. शुचिता गंगवार के नेतृत्व में देवचरा और आंवला क्षेत्र में छापेमारी की। टीम ने सबसे पहले देवचरा के शिव शक्ति मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। यहां बिना पंजीकरण और चिकित्सक के मरीजों को देखा जा रहा था। इसके बाद न्यू महक हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों का इलाज अप्रशिक्षित लोगों द्वारा किए जाने की पुष्टि हुई। संचालक पंजीकरण सहित अन्य आवश्यक अभिलेख नहीं दिखा सके। इसके बाद टीम ने आंवला के पुरैना बस स्टैंड स्थित कृष्णा हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। यहां मरीज भर्ती मिले, लेकिन अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। वहीं इंडियन पैथोलॉजी लैब में भी न तो चिकित्सक और न ही प्रशिक्षित स्टाफ मिला। लैब संचालक पंजीकरण संबंधी दस्तावेज भी नहीं दिखा सके। पुराने बस स्टैंड के पास देवीलाल चाइल्ड हेल्थ केयर सेंटर भी बिना वैध पंजीकरण संचालित होता मिला। नोडल अधिकारी (झोलाछाप) डॉ. शुचिता गंगवार ने कहा कि बिना पंजीकरण स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन नियमों का उल्लंघन है। ऐसे संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।।
बरेली से कपिल यादव
