महिलाओं से लूट करने वाले दो बदमाश दबोचे

राजपुर कलां, बरेली। थाना अलीगंज पुलिस ने जून माह में ई-रिक्शा सवार महिलाओं से हुई दिनदहाड़े लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए चांदी के जेवर, 1800 नकद, घटना में प्रयुक्त बाइक तथा एक अवैध 12 बोर तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं। थाना प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि 7 जून को अलीगंज-सिरौली मार्ग पर महोलिया पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा से जा रही दो महिलाओं का हैंडबैग झपट लिया था। इस मामले में थाना अलीगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। गुरुवार को सिरौली रोड पर गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गिरधरपुर तिराहे के पास घेराबंदी कर मनदीप (22) पुत्र सोमपाल और विक्की (22) पुत्र रूपकिशोर निवासी ग्राम भोलापुर शंखापुर, थाना फतेहगंज पश्चिमी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने लूट की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि महंगे शौक और अय्याशी के लिए उन्होंने झपटमारी शुरू की थी। पुलिस के अनुसार आरोपी विक्की के खिलाफ पहले से चोरी का मुकदमा दर्ज है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, हरीमुख, रूपकिशोर, हेड कांस्टेबल महावीर और कांस्टेबल चमनलाल की अहम भूमिका रही। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *