राजस्थान/बाड़मेर – होम्योपैथिक विभाग के अंतर्गत जिला आयुष चिकित्सालय में नवनियुक्त होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. प्रदीप चारण ने होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी के पद पर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। डॉ. चारण का स्थानांतरण होम्योपैथी विभाग के जिला नोडल अधिकारी एवं राजकीय होम्योपैथिक औषधालय जैसलमेर से बाड़मेर हुआ है।जिला आयुष चिकित्सालय में कार्यग्रहण के अवसर पर प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने साफा पहनाकर एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर डॉ. चारण का स्वागत करते हुए उनको नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डॉ. चारण के लंबे प्रशासनिक एवं चिकित्सकीय अनुभव का लाभ बाड़मेर जिले के मरीजों को मिलेगा। साथ ही जिले में होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा तथा आमजन का इस चिकित्सा पद्धति के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
इस अवसर पर डॉ. प्रदीप चारण ने कहा कि बाड़मेर जैसे विशाल भौगोलिक क्षेत्र वाले जिले में गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं होम्योपैथिक उपचार पद्धति का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए चिकित्सकों एवं विभागीय टीम के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा। साथ ही आमजन को होम्योपैथी के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, चिकित्सा परामर्श शिविर एवं जनसंपर्क गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जिला आयुष चिकित्सालय में उपलब्ध होम्योपैथिक सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम समन्वयक राकेश भाटी, वरिष्ठ अधिवक्ता अमृतलाल जैन, होम्योपैथी विभाग के जिला अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. नंदा, डॉ. गीता चौधरी, डॉ. गजेंद्र सोनी, पारसमल जैन सहित आयुष एवं चिकित्सा विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
