फरीदपुर, बरेली। दो साल पहले करोड़ों रुपये का गिरवी रखा सोना-चांदी लेकर फरार हुए साहूकार के रिश्तेदारों को ग्रामीणों ने घेर लिया। ग्रामीणों के हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने साहूकार को हिरासत में लिया। गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक फरीदपुर के मझौआ हेतराम गांव के आयुष वर्मा कई वर्षों से गांव में साहूकारी का काम करता था। आरोप है कि वह लगभग दो साल पहले बड़ी मात्रा में गिरवी रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर दुकान बंद कर फरार हो गया था। उस समय से ग्रामीण अपने गहनों की वापसी उम्मीद में भटक रहे थे।सोमवार दोपहर बाद आयुष वर्मा की मां और बहनोई गांव पहुंचे, तो उन्हें देखते ही भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने दोनों को घेर लिया और अपने गिरवी रखे आभूषण वापस करने की मांग करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख डायल-112 सहित पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान तीखी नोकझोंक भी हुई। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने साहूकार के परिजनों को सुरक्षित पुलिस वाहन से थाने पहुंचाया। गांव में देर शाम तक पुलिस टीम और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक चलती रही शांति व्यवस्था हेतु गांव एवं साहूकार की दुकान के बाहर पुलिस टीम तैनात है। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की तहरीर मिलने और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।।
बरेली से कपिल यादव
