परसाखेड़ा मे नमकीन फैक्ट्री पर छापा, 1335 किलो एक्सपायर्ड पाम तेल सीज

बरेली। एक्सपायर पाम तेल से नमकीन तलने की तैयारी के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फैक्ट्री में छापा मार दिया। मौके से भारी मात्रा में पाम तेल बरामद हुआ। यह पाम तेल मई के महीने में ही एक्सपायर हो चुका था। वही खाद्य कारोबारी का कहना है कि उसके पास दो घंटे पहले ही डिलीवरी आई है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को शहर परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की दो नमकीन निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। सहायक आयुक्त खाद्य राहुल सिंह के निर्देशन में टीम ने दोनों इकाइयों की जांच की। निरीक्षण के दौरान आलम फूड प्रोडक्ट निर्माण इकाई में नमकीन बनाने के लिए रखे गए रिफाइंड पामोलीन तेल के 89 टीन की जांच की गई। इन टीनों पर अंकित एक्सपायरी तिथि मई 2026 पाई गई, जबकि तेल अभी भी उपयोग के लिए रखा गया था। खाद्य कारोबारी ने अधिकारियों को बताया कि यह तेल करीब दो घंटे पहले ही एक थोक विक्रेता के माध्यम से भेजा गया था और उसने खरीद का बिल भी प्रस्तुत किया। इसके बावजूद विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए नमकीन का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित कर लिया, ताकि प्रयोग में लाई गई सामग्री की गुणवत्ता की पुष्टि हो सके। जांच के दौरान 89 टीन में कुल 1335 किलोग्राम पामोलीन तेल मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 1,96,245 रुपये बताई गई। एक्सपायर होने के कारण पूरे स्टाक को मौके पर ही सीज कर दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होता है तो संबंधित कारोबारी के विरुद्ध न्यायालय में मुकदमा दायर किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान दोनों निर्माण इकाइयों को कमियां दूर करने के लिए सुधार नोटिस भी जारी किया गया। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील सचान, इंद्रजीत सिंह और तेज बहादुर सिंह शामिल रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *