श्मशान के लिए भूमि आरक्षित एवं 110 से अधिक राजस्व प्रकरणों का मौके पर निस्तारण

राजस्थान/बाड़मेर- ग्राम पंचायत भीमथल एवं जूनाखेड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में शनिवार को 110 से अधिक प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कर ग्रामीणों को त्वरित राहत प्रदान की गई। शिविर के दौरान वर्षों से लंबित राजस्व मामलों का समाधान किया गया तथा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों तक पहुंचाया गया। शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई ने बताया कि राजस्व गांव जाखड़ों की ढाणी के सरकारी खसरा संख्या 214/1 पर पिछले 18 वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण को हटाकर ग्रामीणों के लिए करीब 2 किलोमीटर लंबा सार्वजनिक रास्ता खुलवाया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

शिविर को संबोधित करते हुए उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर एक ही छत के नीचे 22 से अधिक विभागों की 90 से ज्यादा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ते और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो रहा है। शिविर के दौरान 66 खातों के शुद्धिकरण के आदेश जारी किए गए, जिससे 123 खातेदारों को लाभ मिला। वहीं ग्रामीणों की मांग पर ग्राम भीमथल में सार्वजनिक श्मशान के लिए भूमि आरक्षित करने की कार्रवाई भी संपादित की गई।

उपखंड अधिकारी विश्नोई ने ग्राम पंचायत में बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आंधी तूफान से क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों के स्थान पर नए खंभे लगाने के लिए संबंधित सहायक अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मंगला पशु बीमा योजना, आंगनवाड़ी भवनों तथा स्थानीय विद्यालय में पौधारोपण कार्यों का भी निरीक्षण किया और सभी ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं से “हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत अधिकाधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। शिविर में विकास अधिकारी हरमन विश्नोई, तहसीलदार पीरसिंह चांपावत, पूर्व सरपंच मूली देवी ढाका, अतिरिक्त विकास अधिकारी गोकुलराम सुथार, हल्का पटवारी जयचंद, भूराराम ढाका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *