हाईवे पर ठेले पर पलटी पिकअप, युवक की मौत, पिकअप चालक घायल

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरजू कट के पास सोमवार शाम बाइक को बचाने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ठेले पर पलट गई। हादसे में ठेला ले जा रहे युवक की मौत हो गई। पिकअप चालक भी घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक, गांव चिटौली निवासी सर्वेश कश्यप (35) गांव ठिरिया खेतल में हाईवे के पास चाट का ठेला लगाते थे। सोमवार शाम 5:30 बजे वह घर लौट रहे थे। हाईवे बाइपास के पश्चिमी सरजू कट के पास पहुंचने पर हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बरेली की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप सरजू कट पर कस्बे की ओर मुड़ रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पास से जा रहे ठेले पर पलट गई। हादसे में सर्वेश के अलावा सहारनपुर के देवबंद निवासी पिकअप चालक मुजम्मिल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सर्वेश कश्यप को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, सर्वेश चार भाइयों में सबसे बड़े थे। मौत से पत्नी सोमवती और बेटा राजू (6) गमगीन है। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। सड़क पर क्षतिग्रस्त पिकअप और ठेला पड़ा होने से कुछ देर जाम लगा। पुलिस ने टोल की क्रेन से पिकअप को सीधा कराकर कब्जे में लिया है। फिर यातायात सुचारु कराया गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *