गुम हुए 93 लाख के 466 मोबाइल फोन बरामद, मालिकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

बरेली। पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। जून महीने में जिले की साइबर टीम और सर्विलांस सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 466 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये बताई गई है। सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित रविंद्रालय में आयोजित कार्यक्रम में इन सभी मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया। अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने बरेली पुलिस का आभार जताया। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक स्तर से की गई। जिले के विभिन्न थानों में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों, साइबर टीम और जनपदीय सर्विलांस सेल ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए मोबाइल फोन ट्रैक किए। पुलिस ने CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें बरामद किया। एसपी ट्रैफिक मो अकमल खान ने बताया जनवरी 2025 से जून 2026 तक जिले में कुल 5725 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 11.43 करोड़ रुपये है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इसी तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि लोगों की संपत्ति सुरक्षित रह सके।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *