खेत पर कब्जे की रंजिश को लेकर दो पक्षों में चली गोलियां, कई घायल, तीन आरोपी गिरफ्तार

भुता, बरेली। जनपद के थाना भुता क्षेत्र के गुलड़िया हजारीलाल गांव में खेत के कब्जे को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडों चले। विवाद के दौरान फायरिंग होने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात संभाले और दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गांव में खेत के स्वामित्व और कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। पहले कहासुनी हुई, फिर देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। आरोप है कि लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया, जबकि एक-दूसरे पर फायरिंग करने के भी आरोप लगाए गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और तनाव का माहौल बन गया। घटना के बाद दोनों पक्ष भुता थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मटरूलाल की तहरीर पर एक मुकदमा दर्ज किया जबकि दूसरे पक्ष की ओर से तुषार कुमार की शिकायत पर भी अलग मुकदमा कायम किया गया। दोनों मामलों की जांच शुरू कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले मुकदमे में नामजद रतनलाल और मनोज कुमार को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरे मुकदमे में वांछित सुरेश को गुलड़िया हजारीलाल गांव स्थित उसके रिश्तेदार के घर से दबोच लिया गया। भुता इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि खेत के कब्जे को लेकर विवाद के दौरान मारपीट हुई थी। मामले में फायरिंग के आरोपों की भी जांच की जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *