बरेली। जनपद मे सुबह बूंदाबांदी के साथ हवा ने लोगों को गर्मी-उमस से काफी राहत दिलाई लेकिन दोपहर में मौसम फिर बदल गया। आसमान में बादल छंटने के साथ ही तेज धूप निकली। गर्मी और उमस से लोग बेहाल हो उठे। दिन में अधिकतम तापमान 35.3 और रात में न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। रविवार को सुबह मौसम में काफी बदलाव दिखा। आसमान बादलों से घिरा रहा और कई इलाकों में हल्की बारिश, बूंदाबांदी हुई। साथ ही हवा चलने से गर्मी-उमस से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिली। दिन में बारिश के आसार दिखे लेकिन 11 बजे के बाद मौसम ने करवट ली और आसमान में छाए बादल गायब हो गए। तेज धूप निकलने के साथ ही गर्मी और उमस ने लोगों को खूब सताया। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार ने बताया कि अगले चार-पांच दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश के आसार हैं। हालांकि बीच-बीच में धूप होने से तापमान में खास बदलाव नहीं होगा।।
बरेली से कपिल यादव
